LIVE UPDATE
Bilaspur

दिल्ली–मेरठ में 20 दिन की घेराबंदी, बिलासपुर की चोरी का ‘सुपर चोर’ गिरफ्तार

भागता रहा, बच नहीं पाया: 20 दिन के ऑपरेशन में अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार

बिलासपुर… सिविल लाइन क्षेत्र में दिनदहाड़े फ्लैटों में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे एक अंतरराज्यीय शातिर आरोपी को दिल्ली–मेरठ क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था, लेकिन आखिरकार 20 दिन की लगातार निगरानी और दबिश के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

फ्लैटों को निशाना, एक ही दिन कई वारदात

28 सितंबर 2025 को साकेत अपार्टमेंट के फ्लैट क्रमांक L-201 और B-15 के साथ रियल हेवन के एक अन्य फ्लैट में अज्ञात आरोपियों ने दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन मामलों में सिविल लाइन थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

तकनीकी साक्ष्य से सुराग, मेरठ पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान ताज मोहम्मद निवासी समयपुर, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली–मेरठ क्षेत्र में लगातार कैंप कर निगरानी और दबिश की रणनीति अपनाई।

20 दिन का ऑपरेशन, आखिरकार गिरफ्तारी

लगातार 20 दिनों तक चली कार्रवाई के बाद 25 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ कर अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।

47 से ज्यादा केस दर्ज, आदतन अपराधी

गिरफ्तार आरोपी पर देश के अलग-अलग राज्यों में चोरी और लूट के 47 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसका आपराधिक रिकॉर्ड ही इस बात की पुष्टि करता है कि वह पेशेवर और शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है।

पुलिस कप्तान का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि “जिले में अपराधियों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है। अंतरराज्यीय स्तर पर भागकर भी कानून से बचना संभव नहीं। सिविल लाइन की घटना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने लगातार 20 दिन तक ऑपरेशन चलाया और आरोपी को गिरफ्तार किया। आगे पूछताछ में जुड़े नेटवर्क और अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

टीम को मिलेगा इनाम, जांच जारी

इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। वहीं, आरोपी से पूछताछ के बाद और भी मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close