सूरजपुर  (मनीष जायसवाल) ।गुरुवार रात मुख्यमंत्री निवास में मंत्रियों की बैठक क्या हुई, राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक मंत्रिमंडल सर्जरी की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। देर रात तक संभावित मंत्रियों की सूची बनती रही। किसी ने पांच मंत्रियों की छुट्टी तय कर दी तो किसी ने सात नामों पर तलवार लटका दी। विभागों का बंटवारा तक हो गया। सुबह होते-होते मामला शांत हो गया। एक मंत्री ने मीडिया के सामने खुल कर कहा कि सरकार के खिलाफ चल रहे सारे कयास बेकार साबित हुए हैं। ऐसी बैठकें होती रहती हैं और यह सामान्य प्रक्रिया है।

लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती।सवाल यह नहीं है कि बैठक में क्या हुआ…। सवाल यह है कि बैठक की खबर सामने आते ही पूरा प्रदेश मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चा में क्यों डूब गया…?दरअसल पिछले कुछ महीनों में सरकार के खिलाफ एक ऐसा नैरेटिव खड़ा हुआ है जिसने अब धारणा का रूप ले लिया है। राजनीति में नैरेटिव तब तक प्रभावी नहीं होता जब तक वह लोगों की सोच का हिस्सा न बन जाए…। छत्तीसगढ़ में अब स्थिति यह दिखाई दे रही है कि सरकार के बारे में बदलाव की चर्चा केवल राजनीतिक गलियारों तक सीमित नहीं है। यह चर्चा कर्मचारी संगठनों, पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक हलकों और आम लोगों के बीच भी सुनाई देने लगी है।

स्कूल शिक्षा, पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और राजस्व जैसे विभागों से जुड़े मुद्दे लगातार चर्चा में रहे हैं। कहीं कर्मचारी नाराज हैं, कहीं संगठन सवाल उठा रहे हैं, कहीं विभागीय फैसले विवादों में है…। दूसरी तरफ कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर भी लगातार बातें हो रही हैं। कहा जा रहा है कि कुछ मंत्री अपने विभागों पर अपेक्षित पकड़ नहीं बना पाए हैं और कुछ विभाग पूरी तरह अफसरों के भरोसे चल रहे है…। इन चर्चाओं की पुष्टि भले कोई न करे, लेकिन इन्हें खारिज भी कोई नहीं कर पा रहा।

यही सारी बातें मिलकर एक धारणा बना रही हैं। और राजनीति में जब धारणा बन जाती है तो फिर छोटी-सी घटना भी बड़े संकेत की तरह देखी जाने लगती है..। शायद यही वजह है कि मुख्यमंत्री निवास की एक सामान्य बैठक भी मंत्रिमंडल सर्जरी के रूप में देखी जाने लगी।

सरकार के सामने चुनौती यह नहीं है कि वह बदलाव करे या न करे। असली चुनौती उस धारणा को बदलने की है जो धीरे-धीरे मजबूत होती जा रही है। क्योंकि राजनीति में कई बार वास्तविकता बाद में बदलती है, धारणा पहले बन जाती है। और जब धारणा बन जाए कि बदलाव की जरूरत है, तब बदलाव हो या न हो, उसकी चर्चा अपने आप जारी रहती है..!

फिलहाल छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी यही दिखाई दे रहा है। मंत्रिमंडल में बदलाव होगा या नहीं, इसका जवाब आने वाला समय देगा..। लेकिन इतना तय है कि सरकार के खिलाफ जो नैरेटिव पिछले कुछ महीनों में खड़ा हुआ है, वह अब सिर्फ नैरेटिव नहीं रह गया है..। वह एक धारणा बन चुका है। और राजनीति में धारणाएं अक्सर घटनाओं से ज्यादा ताकतवर साबित होती हैं।