बिलासपुर..राजीव प्लाजा स्थित मोबाइल पार्ट्स और रिपेयरिंग दुकान में मालिक की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर कर्मचारियों द्वारा ही मोबाइल पार्ट्स चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार दुकान संचालक अपने पिता के इलाज के सिलसिले में बाहर गया था। इसी दौरान दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों ने 15 से 20 बॉक्स मोबाइल कॉम्बो समेत अन्य सामान पार कर दिया।

मामले में दुकान संचालक निरंकार चंद्रमलघानी की रिपोर्ट पर तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शिकायत में दुकान में काम करने वाले नितेश गुप्ता, साहिल नरवारे और सचिन श्रीवास पर चोरी का आरोप लगाया गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने नितेश गुप्ता उर्फ मोनू, निवासी यदुनंदन नगर तिफरा और सचिन श्रीवास उर्फ तरूण, निवासी बंधवापारा को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद दोनों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मामले में तीसरे कर्मचारी साहिल नरवारे की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुकान से सामान किस तरह निकाला गया और चोरी किए गए पार्ट्स को कहां खपाने की तैयारी थी।

घटना में सबसे अहम पहलू यह सामने आया है कि चोरी के लिए किसी बाहरी व्यक्ति ने दुकान को निशाना नहीं बनाया, बल्कि दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों पर ही मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर सामान निकालने का आरोप है। पुलिस की जांच में चोरी की पूरी मात्रा और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।