VSK App News।रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय ने सरकारी स्कूलों में कार्यरत गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

7 जुलाई 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अधिकांश गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो रही है।

संचालनालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार विभाग के अधीन संचालित सभी शासकीय विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए VSK ऐप का उपयोग करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद 7 जुलाई 2026 तक प्राप्त रिपोर्ट के अवलोकन में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति नगण्य पाई गई।

इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उनके अधीनस्थ सभी विद्यालयों में कार्यरत गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का तत्काल VSK ऐप में पंजीयन कराया जाए तथा उनकी नियमित उपस्थिति भी इसी ऐप के माध्यम से दर्ज कराई जाए।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।