रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के सभी शिक्षा अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए VSK ऐप एवं आधार-सक्षम बायोमेट्रिक प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में संचालक लोक शिक्षण ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है।

जारी निर्देशों के अनुसार 16 जून  से स्कूलों में कार्यरत सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति विद्यालय समीक्षा केंद्र (VSK) के माध्यम से दर्ज की जाएगी। वहीं संभाग, जिला और विकासखंड स्तर के कार्यालयों, डाइट, बीटीआई तथा शासकीय शिक्षा महाविद्यालयों में आधार-सक्षम बायोमेट्रिक प्रणाली के जरिए उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा।

संचालनालय ने बताया है कि कर्मचारियों के सेवा विवरण को पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश पहले भी दिए गए थे, क्योंकि VSK पोर्टल की जानकारी विभागीय पोर्टल से ही प्राप्त की जा रही है। इसके बावजूद कई संस्थानों में जानकारी अद्यतन नहीं होने की स्थिति सामने आई है। ऐसे में अधीनस्थ संस्थाओं में कार्यरत सभी कर्मचारियों का विवरण तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के संचालन के लिए संभाग, जिला एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन अब तक कई कार्यालयों से जानकारी प्राप्त नहीं हुई है या अधूरी भेजी गई है। संचालनालय ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल नोडल अधिकारियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करें। आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में जून माह का वेतन भुगतान प्रभावित हो सकता है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।