बिलासपुर…तखतपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, जोगपारा मोछ निवासी अखिलेश कोसले ने 7 जनवरी को तखतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम अरईबंद से उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सेमरचुवा में दबिश दी, जहां संदिग्ध दीपावली पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उसने बताया कि 6 जनवरी की रात अपने एक साथी के साथ मिलकर अरईबंद से मोटरसाइकिल चोरी की थी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक काले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की, जो एक अन्य चोरी के मामले से जुड़ी बताई जा रही है। दोनों मामलों में चोरी की गई मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी दीपावली पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।