बिलासपुर… बिल्हा पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस के अनुसार पत्थरखानभाठा निवासी अनंत विजयकांत के घर में 9 मई को चोरी की घटना हुई थी। चोर घर से फ्रिज, गैस सिलेंडर, मिक्सी, इंडक्शन, कूलर, आलमारी, टीवी, बर्तन, नकदी समेत अन्य घरेलू सामान ले गए थे। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी रजत यादव को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था। वहीं मामले का दूसरा आरोपी आशीष उर्फ सरजू यादव घटना के बाद से फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

सूचना तंत्र सक्रिय कर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की और आखिरकार उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर एक प्लास्टिक का कूलर और मिक्सी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि मामले में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।