बिलासपुर…शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने के आरोप में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सरकंडा पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन माह से पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने सरकंडा थाने में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया था कि कोनी क्षेत्र के पौसरा निवासी अजय कुमार बघेल पिछले कई वर्षों से शादी का वादा कर उससे संपर्क में था। आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में लगातार उसका शोषण करता रहा।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि गर्भवती होने पर आरोपी ने युवती को जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। बाद में सामाजिक स्तर पर शादी का आश्वासन दिया, लेकिन कुछ समय बाद आरोपी और उसके परिजन अपने वादे से पीछे हट गए और संपर्क समाप्त कर दिया।

मामले में अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सरकंडा पुलिस की टीम ने नागपुर में एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे बिलासपुर लाया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य, उप निरीक्षक अमृत लाल साहू, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरावी और आरक्षक रमेश देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।