ड्राइवर बोला ‘सर-सर’, इंजीनियर ने दी गालियों की बौछार
सरकारी इंजीनियर का ‘गाली कांड’: ड्राइवर से बदसलूकी, जांच के आदेश

जांजगीर-चांपा…छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में प्रशासनिक व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जल संसाधन विभाग के एक कार्यपालन अभियंता (EE) का अपने ही विभाग के वाहन चालक को गालियां देते हुए ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ऑडियो सामने आते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया और मामला सीधे कलेक्टर तक पहुंच गया।
वेतन और अटैचमेंट से शुरू विवाद
जानकारी के अनुसार, विभाग के नरियरा संभाग में पदस्थ चालक शशिकांत साहू वर्ष 2022 से अकलतरा एसडीएम कार्यालय में अटैच हैं। लंबे समय से उन्हें वापस विभाग बुलाने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। वहीं चालक का कहना है कि जब तक एसडीएम कार्यालय से औपचारिक रूप से कार्यमुक्त नहीं किया जाता, वह ज्वाइन नहीं कर सकता। इसी खींचतान के बीच चालक को पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिला, जिससे उसका परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
ऑडियो में गालियों की बौछार
वायरल ऑडियो में अभियंता और चालक के बीच बातचीत सुनाई देती है, जिसमें चालक लगातार विनम्रता से बात करता है, जबकि अभियंता अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आते हैं। बातचीत के दौरान न केवल चालक को अपमानित किया गया, बल्कि अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।
नाराजगी की वजह और रिकॉर्डिंग
सूत्रों के मुताबिक, अभियंता इस बात से नाराज थे कि चालक ने विभाग की एक महिला अधिकारी के साथ कथित रूप से बदतमीजी की थी। हालांकि चालक का दावा है कि उसने इस मामले में पहले ही माफी मांग ली थी। इसी तनावपूर्ण बातचीत को चालक ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अपर कलेक्टर को जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक संस्कृति पर उठे सवाल
इस घटना ने सरकारी दफ्तरों में कार्यसंस्कृति और कर्मचारियों के साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर एक कर्मचारी महीनों से वेतन के लिए संघर्ष कर रहा है, वहीं दूसरी ओर उसे अपमानजनक व्यवहार का भी सामना करना पड़ रहा है।





