जनता के बीच उतरा प्रशासन: एक ही छत के नीचे समाधान और सुविधाएं
जहां पहुंचा सुशासन, वहीं मिला समाधान: राजकिशोर नगर बना मिसाल

बिलासपुर…सुशासन तिहार 2026 के तहत शहर के जोन क्रमांक 7 में आयोजित समाधान शिविर में प्रशासन जनता के द्वार पहुंचकर समस्याओं के त्वरित निराकरण का संदेश देता नजर आया। राजकिशोर नगर स्थित हरश्रृंगार कॉलोनी सामुदायिक भवन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में कुल 649 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 626 मांगों और 23 शिकायतों से संबंधित हैं।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन को सीधे आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समस्याओं का त्वरित समाधान और विकास कार्यों में जनभागीदारी से ही क्षेत्र में वास्तविक बदलाव संभव है।
शिविर में मौजूद महापौर पूजा विधानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और राज्य सरकार के सुशासन से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। नगर निगम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और सुशासन तिहार के माध्यम से यह प्रक्रिया और तेज हुई है।
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने जानकारी दी कि शिविर में आयुष्मान कार्ड, श्रमिक कार्ड और पीएम स्वनिधि योजना के तहत हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया गया।




