Teacher Suspend-बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शिक्षा विभाग ने लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। दुर्ग के संयुक्त संचालक (जेडी) द्वारा की गई आकस्मिक जांच में सरकारी स्कूल में शिक्षण कार्य की बजाय मोबाइल पर समय बिताने और बिना कारण स्कूल से अनुपस्थित रहने के मामले सामने आए।

इसे गंभीर मानते हुए एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया, जबकि दूसरे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Teacher Suspend-जानकारी के मुताबिक 20 सितंबर 2025 को गुंडरदेही ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला सिर्री का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सहायक शिक्षक (एलबी) विनय कुमार गोस्वामी बच्चों को पढ़ाने के बजाए मोबाइल पर व्यस्त पाए गए। यही नहीं, उनके बारे में यह भी पता चला कि वे अक्सर स्कूल से अनुपस्थित रहते हैं और अध्यापन कार्य में रुचि नहीं लेते।

इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय गुंडरदेही में अटैच कर दिया।

इसी निरीक्षण के दौरान सहायक शिक्षक (एलबी) अरमान बेग भी तय समय पर स्कूल में मौजूद तो पाए गए, लेकिन वे कक्षा में पढ़ाने की जगह मोबाइल चला रहे थे।

विभाग ने इसे कर्तव्य में लापरवाही माना और उन्हें कारण बताओ नोटिस थमाया। आदेश में साफ कहा गया है कि संतोषजनक जवाब निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत नहीं करने पर उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।