अजमेर।प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को भीषण गर्मी के बीच बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने शिविरा पंचांग 2026-27 में संशोधन करते हुए ग्रीष्मावकाश आठ दिन बढ़ा दिया है।

अब सरकारी स्कूल 21 जून की बजाय 29 जून से खुलेंगे। शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग के शासन उप सचिव आलोक जैन ने सोमवार को संशोधित

आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार 31 मार्च 2026 को जारी शिविरा पंचांग में बदलाव करते हुए ग्रीष्मावकाश की अवधि 35 दिन से बढ़ाकर 43 दिन कर दी गई है। पहले अवकाश 17 मई से 20 जून तक निर्धारित था, जिसे अब 28 जून तक बढ़ा दिया गया है।

संशोधित आदेश में संस्था प्रधानों को विशेष परिस्थितियों में दो दिन तक अवकाश घोषित करने का अधिकार भी बहाल किया गया है। शिविरा पंचांग 2026-27 एक अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा।

राजस्थान शिक्षक संघ (रेसटा) के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने शिविरा पंचांग में संशोधन का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षकों के लंबे समय से उठाए जा रहे मुद्दे पर सरकार ने सकारात्मक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में

जून के अंतिम सप्ताह तक भीषण गर्मी का असर बना रहता है। ऐसे में रेसटा की मांग है कि पूर्व व्यवस्था के अनुसार ग्रीष्मावकाश 30 जून तक रखा जाए।