बिलासपुर… घर में रखी अलमारी से सोने की माला चोरी हो गई तो दूसरे मामले में भाईदूज मनाकर लौट रहे दो भाइयों को रास्ते में रोककर मारपीट की गई और उनके मोबाइल लूट लिए गए। जिले में चोरी और लूट की इन दो अलग-अलग वारदातों में सरकंडा और कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सरकंडा पुलिस ने चोरी की 50 हजार रुपये कीमत की सोने की माला बरामद की, जबकि कोटा पुलिस ने लूटे गए दोनों मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है।

 तकिए में छिपाकर रखा चोरी का सोना

सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवापारा निवासी सोनम श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि 10 नवंबर की रात उन्होंने अपनी सोने की मनचली (माला) उतारकर अलमारी में रखी थी। 12 नवंबर को अलमारी देखी तो माला गायब थी। करीब 50 हजार रुपये कीमत की माला चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने संदेही अमन श्रीवास्तव उर्फ बिल्लू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और माला अपने घर में तकिए के भीतर छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तकिए से सोने की माला बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ पहले से नौ अन्य प्रकरण भी दर्ज बताए गए हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 घेरकर पीटा, मोबाइल लूटकर भागे

दूसरी वारदात कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी की है। दर्रिकापा निवासी महेंद्र कुमार पोर्ते अपने बड़े पिताजी के बेटे के साथ भाईदूज मनाकर बिलासपुर से मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे गनियारी के चक्राकुंड मोड़ के पास वे रुके। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके भाई के साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे महेंद्र के साथ भी बेल्ट से मारपीट की गई। इसके बाद दोनों भाइयों के मोबाइल फोन लूटकर आरोपी गनियारी बस्ती की ओर भाग निकले।

शिकायत दर्ज होते ही कोटा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुनानू वर्मा उर्फ नानू, निवासी वर्मा मोहल्ला गनियारी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की। वयस्क आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।