बिलासपुर..शहर के करबला इलाके में पीपल के पेड़ के नीचे स्ट्रीट लाइट की रोशनी में जुए की तीन महफिलें सज रही थीं। तीन अलग-अलग फड़ों पर रुपये-पैसों का दांव लगाया जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की और मौके से 11 लोगों को जुआ खेलते पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों फड़ों से कुल 13,360 रुपये नकद और 52-52 पत्ती ताश की तीन गड्डियां जब्त की हैं।

पुलिस के मुताबिक, करबला रोड स्थित कोदू चौक मैदान में पीपल के पेड़ के नीचे स्ट्रीट लाइट की रोशनी में तीन अलग-अलग फड़ लगाकर जुआ खेला जा रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर मौजूद 11 लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। इनमें करबला कुम्हारपारा क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों फड़ों के लिए अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। पहले फड़ से चार आरोपियों के कब्जे से 6,220 रुपये और 52 पत्ती ताश, दूसरे फड़ से चार आरोपियों के पास से 4,100 रुपये और 52 पत्ती ताश तथा तीसरे फड़ से तीन आरोपियों के कब्जे से 3,040 रुपये और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। तीनों मामलों में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।