बिलासपुर…शहर की सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी किस हद तक हो रही है, इसका अंदाजा यातायात पुलिस के दस महीने के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच नियम तोड़ने वाले 1 लाख 83 हजार 798 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 2858 चालक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए, जबकि 2000 से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बिलासपुर में शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज किया है। पुलिस की कार्रवाई में तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना, शराब पीकर गाड़ी चलाना, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाना, मोबाइल पर बात करना तथा रेड सिग्नल तोड़ना प्रमुख उल्लंघन के रूप में सामने आए हैं।

सिग्नल तोड़ने में सबसे आगे

यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से अक्टूबर तक रेड सिग्नल तोड़ने के 39 हजार 968 मामलों में कार्रवाई की गई। तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 14 हजार 455, जल्दबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने वाले 3481, बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले 10 हजार 661 तथा बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले 5970 चालकों पर कार्रवाई हुई। वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले 3520 चालक भी कार्रवाई की जद में आए।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। ऐसे 2858 चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए। न्यायालय ने इन मामलों में अर्थदंड लगाया। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के मामलों में भी नियमित चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा आईटीएमएस के माध्यम से कैमरों की मदद से यातायात नियम तोड़ने वालों के ऑनलाइन चालान काटे गए।

शाम ढलते ही हादसों का खतरा

यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के समय का भी विश्लेषण किया है। इसमें शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सबसे अधिक दुर्घटनाएं होने की बात सामने आई है। इसी के तहत बिलासपुर यातायात पुलिस ने 2000 से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित कराने की कार्रवाई की है।