बिलासपुर..बिलासपुर से रायपुर के बीच सफर के दौरान हुई पहचान को नजदीकी में बदलकर युवती को शादी का झांसा देने और लगातार दैहिक शोषण करने के आरोपी को तोरवा पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुरेन्द्र कुमार पटेल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सूरजपुर जिले के रेवटी का निवासी है और वर्तमान में अंबिकापुर के गांधी नगर में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र की जमनीपाली निवासी पीड़िता ने 30 सितंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई । आरोप लगाया कि बिलासपुर से रायपुर आने-जाने के दौरान उसकी पहचान सुरेन्द्र पटेल से हुई थी। आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा। शिकायत पर तोरवा पुलिस ने धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल पतासाजी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का लोकेशन तलाशा। लोकेशन मिलने के बाद टीम अंबिकापुर रवाना हुई और घेराबंदी कर 13 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी और आरक्षक अजय शर्मा व अखिलेश की विशेष भूमिका रही।