रायपुर। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर राजपूत क्षत्रिय महासभा छत्तीसगढ़ की ओर से 17 जून को राजिम में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राजीव लोचन मंदिर के समीप स्थित यादव धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से समाज के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

महासभा के प्रचार सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे होगा। मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष ठाकुर बजरंग सिंह बैस करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में हस्तशिल्प विकास कला बोर्ड की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त शालिनी राजपूत तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष महेश यादव शामिल होंगे।

कार्यक्रम में अतिथियों के सम्मान के साथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। युवक मंडल की ओर से प्रातः 11 से 12 बजे तक रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, जबकि दोपहर 12 से 1 बजे तक युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन होगा। दोपहर 1 से 3 बजे तक सामूहिक भोजन की व्यवस्था रहेगी।

आयोजन का प्रमुख आकर्षण शाम 5 बजे निकाली जाने वाली महाराणा प्रताप की भव्य शोभायात्रा होगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरेगी और पुनः कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। इसके बाद रात्रि भोज के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष ठाकुर बजरंग सिंह बैस, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष पंकज कुमार भुवाल, कोषाध्यक्ष नीरज सिंह क्षत्रिय, महासचिव अशोक ठाकुर, सह सचिव सत्येंद्र सिंह राजपूत, उप सचिव घनश्याम सिंह चौहान, संगठन सचिव अजय सिंह, महिला अध्यक्ष रश्मि राजपूत, महिला सचिव मधुबाला सिंह, युवा अध्यक्ष अनुराग सिंह, युवा सचिव महेंद्र सिंह तथा राजिम उप समिति के अध्यक्ष ठाकुर मुकेश सिंह और सचिव विकास सिंह सहित संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेश की सभी 37 उप समितियों के सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।