बिलासपुर…लालखदान में चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने के आरोप में तोरवा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का धारदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि लालखदान के चेकर्स कॉलेज मोड़ के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान प्रकाश पासी, निवासी लालखदान, तोरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू जब्त किया। मामले में अपराध के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।