बिलासपुर… राजीव प्लाजा की डोसा दुकान में तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस तक पहुंचे युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। थाना तारबाहर पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए उसकी सत्यता और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को शाहन चंद्रा ने थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि विक्की मानिकपुरी ने राजीव प्लाजा स्थित डोसा दुकान में तोड़फोड़ की है। शिकायत के आधार पर पुलिस विक्की को थाने लेकर आई और पूछताछ की। इसके बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

अगले दिन, 27 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर विक्की मानिकपुरी के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया। वीडियो में सामने आए घटनाक्रम को लेकर पुलिस अब उसकी तस्दीक कर रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की बात कही गई है।

दुकान में तोड़फोड़ की शिकायत और उसके बाद युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने से मामले के दोनों पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। अब यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिख रही घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई तथा इसमें कौन-कौन शामिल हैं।