बिलासपुर… जिला कार्यालय में मंगलवार को लगे साप्ताहिक जनदर्शन में शहर से गांव तक की परेशानियां एक-एक कर कलेक्टर संजय अग्रवाल के सामने पहुंचीं। कहीं खारून नदी को राखड़ से पाटे जाने की शिकायत थी, तो कहीं एक महीने से खराब ट्रांसफार्मर के कारण खेतों की सिंचाई और पेयजल व्यवस्था ठप थी। किसी की ऋण पुस्तिका के लिए दफ्तरों के चक्कर खत्म नहीं हो रहे थे, तो कोई प्रधानमंत्री आवास की अंतिम किस्त के लिए नगर निगम के चक्कर काट रहा था।

बेलतरा तहसील के परसदा गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने शिकायत की कि कुछ लोग खारून नदी को राखड़ से पाट रहे हैं। ग्रामीणों ने इसे नदी और पर्यावरण के लिए गंभीर नुकसान बताते हुए कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बेलगहना तहसील के कोनचरा की धनबाई गंधर्व की परेशानी कुछ अलग थी। उनका कहना था कि ऋण पुस्तिका के लिए वह कई बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्हें ऋण पुस्तिका नहीं मिल पाई। कलेक्टर ने एसडीओ राजस्व कोटा को ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सिरगिट्टी के सुरेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बने मकान की अंतिम किस्त का भुगतान नहीं होने की शिकायत रखी। वार्ड कार्यालय से लेकर नगर निगम तक शिकायत के बाद भी भुगतान क्यों नहीं हुआ, इसका लिखित कारण तक नहीं बताया गया। उन्होंने अंतिम किस्त दिलाने की मांग की।

नगर पंचायत मल्हार के वार्ड क्रमांक 10 के रामचरण कैवर्त की शिकायत के पीछे आगजनी का दर्द था। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी की रात करीब 11 बजे शॉर्ट सर्किट से उनके घर और दुकान में भीषण आग लग गई थी। करीब चार से पांच लाख रुपये के नुकसान का दावा करते हुए उन्होंने आर्थिक सहायता की मांग की।

ग्राम बोडसरा के किसानों की समस्या सीधे खेती और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी थी। किसानों ने बताया कि अस्पताल के पास लगा ट्रांसफार्मर करीब एक महीने से खराब है। जेई बरतोरी और एई बिल्हा को कई बार सूचना देने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। बिजली नहीं होने से कृषि पंप नहीं चल पा रहे हैं। इसका असर पेयजल व्यवस्था के साथ धान की फसल पर भी पड़ रहा है। किसानों ने तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की।

जनदर्शन में कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही परीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवेदनों को संबंधित विभाग प्रमुखों को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। इस दौरान एडीएम शिवकुमार बनर्जी और अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।