बिलासपुर. अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कोटा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 133 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक आरोपी के कब्जे और उसकी झोपड़ी से 113 लीटर शराब मिली, जबकि दूसरा आरोपी मोटरसाइकिल से 20 लीटर शराब लेकर जा रहा था। शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पहली कार्रवाई गनियारी के बांधा तालाब के पास हुई। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर गनियारी निवासी विरेन्द्र वर्मा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे और झोपड़ी से 113 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 22 हजार 600 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार विरेन्द्र वर्मा पुराना आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पहले भी चार मामले दर्ज हैं।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस को बिल्लीबंद से नवागांव की ओर मोटरसाइकिल से शराब ले जाने की सूचना मिली थी। नाका चौक के पास घेराबंदी कर नवागांव निवासी बृजभूषण उर्फ मुकेश कुमार जगत  को पकड़ा गया। वह बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल सीजी 10 ईएफ 3831 से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब ले जा रहा था। जब्त शराब की कीमत करीब चार हजार रुपये बताई गई है।

दोनों मामलों में कुल 133 लीटर अवैध महुआ शराब और शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने ई-साक्ष्य एप के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिलीप कुमार साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, भुनेश्वर मरावी तथा आरक्षक सुनील पटेल, मोहन ध्रुव, महेंद्र रजवाड़े और धर्मेंद्र साहू की भूमिका रही।