बिलासपुर… जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस मामलों में जब्त किया गया गांजा अब फर्नेस की आग में नष्ट किया जाएगा। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में 8 अक्टूबर को मोहतराई स्थित सुधा बायो पावर प्राइवेट लिमिटेड की भट्ठी में जब्त मादक पदार्थ का विधिवत नष्टीकरण किया जाएगा। कार्रवाई सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

नष्टीकरण से पहले समिति ने संबंधित एनडीपीएस प्रकरणों की वैधानिक प्रक्रिया, जब्त मादक पदार्थों से जुड़े मूल दस्तावेज और नष्टीकरण योग्य मामलों की सूची का परीक्षण किया है। परीक्षण के बाद नष्टीकरण के लिए पात्र पाए गए गांजा और अन्य मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत फर्नेस में जलाकर नष्ट किया जाएगा।

पूरी कार्रवाई समिति के सदस्यों और पंचों की मौजूदगी में होगी। नष्टीकरण की प्रक्रिया को दर्ज करने के लिए निर्धारित वैधानिक प्रावधानों का पालन किया जाएगा, ताकि जब्त मादक पदार्थ को नष्ट करने की कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे।

एसपी रजनेश का बयान

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। जब्त सामग्री के नष्टीकरण से लेकर पूरी कार्रवाई तक सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला स्तरीय समिति का गठन छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के तहत किया गया है। समिति पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अंतर्गत थानों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया की निगरानी कर रही है।