Raipur/छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी और पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कर्मयोगी कार्यकर्ता ही संगठन की सच्ची पूंजी हैं।

उनके परिश्रम और निःस्वार्थ सेवा से ही पार्टी मजबूत होती है। पद और दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता संगठन की स्थायी शक्ति बने रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर संवाद जरूरी है, लेकिन इसे जनता के बीच सीधे संपर्क का विकल्प नहीं बनाया जा सकता।

सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित बैठकों के दूसरे दिन स्मृति ईरानी ने कहा कि यह आत्ममंथन करने, प्राथमिकताओं को नए सिरे से तय करने और उन संकल्पों को दोहराने का अवसर है, जिन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक भाजपा को दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की रीति-नीति एकात्म मानववाद और अंत्योदय की भावना पर आधारित है। अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही संगठन की सफलता का वास्तविक पैमाना है।

स्मृति ईरानी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी और अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोग किसी व्यक्ति को देखते समय उसके साथ जुड़ी भाजपा की विचारधारा को भी देखते हैं।

ऐसे में कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का आचरण पार्टी की छवि से जुड़ा होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और पारा-टोला तक पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने की अपील की।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और यह भरोसा पार्टी के लिए बड़ी जिम्मेदारी भी है।

इसे बनाए रखने के लिए संगठन का विस्तार प्रत्येक बूथ तक करना होगा। उन्होंने प्रदेश के कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सभी को मिलकर प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में काम करना है।

दौरे के दूसरे दिन स्मृति ईरानी ने मौजूदा विधायकों, लोकसभा और राज्यसभा सांसदों, प्रदेश मंत्रिमंडल तथा भाजपा कोर ग्रुप के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। विधायकों के साथ हुई बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, जनता से सीधे संवाद और संगठन को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

सांसदों के साथ बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने और संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ हुई बैठक में सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया। वहीं, भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श कर आगे की रूपरेखा तय की गई।

इन बैठकों का उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाना रहा।

बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक और कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे।