बिलासपुर… जिले में चिल्हर स्तर पर गंजा बिक्री के खिलाफ पुलिस ने एक साथ दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत की गई है। पुलिस का कहना है कि मामला केवल स्थानीय विक्रेताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन के जरिए पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायरों तक पहुंच बनाई जाएगी।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मिनी बस्ती इलाके में कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को गंजा बेचते हुए पकड़ा गया। तलाशी में एक आरोपी के कब्जे से 200 ग्राम गंजा और बिक्री की 240 रुपये नकद रकम बरामद की गई, जबकि दूसरी आरोपी से 220 ग्राम गंजा और 640 रुपये नकद जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों लंबे समय से इलाके में चिल्हर स्तर पर नशे का कारोबार कर रही थीं।

इसी तरह थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के तिफरा इलाके में की गई कार्रवाई में दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से क्रमशः 570 ग्राम और 593 ग्राम गंजा बरामद किया। पूछताछ में संकेत मिले हैं कि ये आरोपी स्थानीय स्तर पर गंजा की सप्लाई और बिक्री से जुड़े हुए थे।

पुलिस अब चारों मामलों को आपस में जोड़कर जांच कर रही है। कॉल डिटेल, संपर्क सूत्र और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है, ताकि नशे के इस कारोबार के पीछे सक्रिय मुख्य सप्लायरों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।