बिलासपुर… नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही रतनपुर पुलिस ने नशे के कारोबार पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक महिला कोचिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कच्ची महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लखराम में एक महिला अपने घर से अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का भंडारण और बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद रतनपुर थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर संबंधित स्थान पर दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला सुकृति वर्मा के घर से 11 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।

पूछताछ के दौरान शराब रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद महिला के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई और न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे का अवैध कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। जिले में सक्रिय नशा कारोबारियों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

 कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।