बिलासपुर… शहर में अवैध सट्टा-जुआ गतिविधियों पर नकेल कसते हुए सिविल लाइन पुलिस ने एक आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगद राशि और सट्टा पट्टी बरामद की है, जिसके आधार पर जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में एक व्यक्ति सट्टा जुआ खेलने की गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना की तस्दीक के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित रेड कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि कुमार रमानी को मौके से पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹3000 नगद और सट्टा से संबंधित पट्टी बरामद की गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सट्टा-जुआ के अवैध नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केवल गिरफ्तारी तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि आरोपी के बैंक खातों, चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के आधार पर उसके संपर्क में रहे अन्य व्यक्तियों और संभावित सहयोगियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में सक्रिय सट्टेबाजों और जुआ संचालकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध सट्टा-जुआ न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि युवाओं को अपराध की ओर धकेलने का भी बड़ा कारण बन रहा है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों को चिन्हित कर कानूनी शिकंजे में लिया जाएगा।