बिलासपुर…दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के एक हाई-प्रोफाइल आयोजन में भारी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट के समापन के बाद परोसे गए भोजन ने ऐसा कहर बरपाया कि 25 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी और उनके परिजन फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। यह घटना न केवल स्वास्थ्य संकट है, बल्कि रेलवे की व्यवस्था, निगरानी और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

कार्यक्रम के बाद जैसे ही अधिकारियों और उनके परिवारजनों ने भोजन किया, कुछ ही घंटों में उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायतें शुरू हो गईं। देर रात रेलवे अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सबसे गंभीर स्थिति एसडीजीएम मनोज गुरुमुखी की बताई जा रही है, जिन्हें हालत बिगड़ने पर अपोलो अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उनके परिजन भी अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। इसके अलावा एपीओ रंजन, एडीआरएम सहित कई मंडलीय अधिकारी भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।

सूत्रों के मुताबिक, इस आयोजन के लिए शहर के एक बड़े होटल से करीब 300 प्लेट भोजन का ऑर्डर दिया गया था। हैरानी की बात यह है कि रविवार रात महज 100 लोगों ने ही भोजन किया, इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में लोगों का बीमार पड़ना, भोजन की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था पर गंभीर संदेह पैदा करता है। सवाल यह भी है कि क्या परोसा गया भोजन ताजा था या पहले से तैयार कर रखा गया था।

इतनी गंभीर घटना के बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न यह स्पष्ट किया गया है कि भोजन की जांच कराई गई या नहीं, और न ही यह बताया गया है कि जिम्मेदारी किसकी तय की जाएगी। यह चुप्पी तब और चिंताजनक हो जाती है, जब सामने आता है कि इसी होटल को 22 जनवरी को होने वाली सांसदों की बैठक के लिए भी भोजन की जिम्मेदारी दी गई है।

अब सवाल सीधे तौर पर व्यवस्था से है—क्या अधिकारियों की सेहत से बड़ा कोई आयोजन है?
क्या बिना जांच के उसी होटल पर दोबारा भरोसा किया जाएगा? और क्या इस पूरे मामले में किसी पर जवाबदेही तय होगी, या यह मामला भी फाइलों में दबा दिया जाएगा?

SECR जैसे बड़े संस्थान में हुई यह घटना केवल एक “फूड पॉइजनिंग” नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का आईना है—जिसमें स्वाद, सुविधा और सुरक्षा, तीनों फेल होते नजर आ रहे हैं।