LIVE UPDATE
Chhattisgarh

“नलों से निकला जहर? अंबिकापुर में दो मौत के साथ 50 गंभीर, पूर्व उपमुख्यमंत्री ने किया हमला

“पेयजल बना प्राणघातक: अंबिकापुर में दो मौत समेत 50 गंभीर..स्वास्थ्य तंत्र पर बड़ा सवाल”

अंबिकापुर..( पृथ्वी लाल केसरी)में पीलिया का प्रकोप अब चेतावनी नहीं, संकट की शक्ल ले चुका है। कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र और एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद हालात ने प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है। अब तक 50 से अधिक मरीज सामने आ चुके हैं और हर दिन नए मामले जुड़ रहे हैं।

नमनाकला खटिकपारा निवासी दिव्यांश राय 19 फरवरी को बीमार पड़ा। मिशन अस्पताल में जांच के बाद पीलिया की पुष्टि हुई। हालत बिगड़ती गई तो परिजन प्रकाश अस्पताल ले गए, वहां से जीवन ज्योति अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन जिंदगी नहीं बच सकी। 22 फरवरी को नवापारा झंझटपारा निवासी 40 वर्षीय सोनालाल ने भी दम तोड़ दिया।

दूषित पानी पर उंगली, जांच के घेरे में सप्लाई

स्थानीय स्तर पर आरोप सीधे पेयजल सप्लाई पर लग रहे हैं। कई इलाकों में पाइपलाइन से दूषित पानी मिलने की आशंका जताई जा रही है। नगर निगम मरम्मत और क्लोरीनेशन का दावा कर रहा है, लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि लंबे समय से निगरानी क्यों नहीं हुई।

नगर निगम कमिश्नर डी.एन. कश्यप ने बताया कि सैंपल लगातार लिए जा रहे हैं। जांच के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज, सूरजपुर और रायपुर स्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की लैब में नमूने भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। जिन इलाकों में दूषित जल की आशंका है, वहां पाइपलाइन मरम्मत और सफाई का काम शुरू कर दिया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी पी.एस. मार्को ने पुष्टि की कि प्रभावित इलाके में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी जाएगी। कैंप लगाकर जांच और उपचार की व्यवस्था की जाएगी।

सिंहदेव का हमला, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने छात्र की मौत को “पीड़ादायक और चिंताजनक” बताया और कहा कि पिछले कई हफ्तों से इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दिलाया जा रहा था, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई।

दूसरी ओर महापौर मंजूषा भगत ने बीमारी फैलने के पीछे “साजिश की बू” का बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया है।

कांग्रेस का घेराव ऐलान

जिला कांग्रेस कमेटी ने नए नगर निगम भवन के घेराव का ऐलान किया है। दोपहर 12:30 बजे कोठीघर से रैली निकालकर गौरव पथ स्थित निगम कार्यालय तक कूच किया जाएगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close