बिलासपुर… पड़ोसी के घर में रखी गुल्लक पर नाबालिग साथी के साथ हाथ साफ करने वाले 19 वर्षीय युवक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। दोनों ने गुल्लक तोड़कर उसमें रखे 33 हजार रुपये आपस में बांट लिए। चोरी की रकम से मोबाइल खरीदे और कुछ पैसे खर्च भी कर डाले। पुलिस ने आरोपी युवक और नाबालिग के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदे गए दो मोबाइल जब्त किए हैं।

मामला ग्राम मदनपुर का है। नीलम श्यामले ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 से 10 अगस्त के बीच वह घर पर नहीं थीं। इसी दौरान किसी ने दरवाजा धक्का देकर घर में प्रवेश किया और वहां रखी गुल्लक चोरी कर ली। गुल्लक में करीब 30 हजार रुपये होने की जानकारी दी गई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर संदेहियों की तलाश शुरू कराई। जांच के दौरान पुलिस को पड़ोस में रहने वाले दो लोगों पर संदेह हुआ। पुलिस ने गौरव श्यामले, पिता मुरलीधर श्यामले, उम्र 19 वर्ष, निवासी मदनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर पड़ोसी के घर से गुल्लक चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गुल्लक तोड़कर उसमें रखे 33 हजार रुपये निकाले और दोनों ने रकम आपस में बांट ली। इसके बाद चोरी के पैसों से मोबाइल खरीदे और शेष रकम खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी और नाबालिग के कब्जे से दो मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर और धनराज कुम्भकार की विशेष भूमिका रही।