कानून को खुली चुनौती? पुलिस से बदसलूकी का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में पुलिस से अभद्रता, मचा प्रशासनिक हलचल

सहारनपुर…उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया है। वीडियो में एक युवक 112 नंबर पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ आपत्तिजनक और अभद्र व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना थाना जनकपुरी क्षेत्र के जनता रोड की है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल क्लिप में युवक का रवैया न केवल अनुशासनहीन बल्कि सार्वजनिक व्यवस्था को चुनौती देने वाला नजर आ रहा है, जिसे लेकर पुलिस महकमे में गंभीरता देखी जा रही है।
जांच के दायरे में पूरा घटनाक्रम
मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की गहन जांच कराई जा रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और वीडियो में दिख रहा आचरण वास्तविक घटनाक्रम से किस हद तक मेल खाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो में नजर आ रहे दोनों पुलिसकर्मियों को भी तलब कर पूछताछ की जा रही है, ताकि निष्पक्ष रूप से सच्चाई सामने आ सके। पुलिस प्रशासन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहा है।
तहरीर मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि संबंधित पुलिसकर्मियों की ओर से तहरीर दी जाती है, तो उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि पुलिस के साथ अभद्रता या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दोषी पाए जाने पर किसी को भी कानून के शिकंजे से बाहर नहीं रखा जाएगा।





