आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने पर आकाशवाणी बिलासपुर द्वारा 20 मई को “वॉकेथॉन” का आयोजन

बिलासपुर। आकाशवाणी बिलासपुर द्वारा भारत में आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार, 20 मई को प्रातः 7:00 बजे “वॉकेथॉन” का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक जागरूकता एवं जनसंपर्क को बढ़ावा देना है।
आकाशवाणी बिलासपुर की कार्यक्रम प्रमुख डॉ. सुप्रिया भारतीयन ने बताया कि आकाशवाणी ने पिछले नौ दशकों में देश की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनजागरण की परंपरा को सशक्त स्वर प्रदान किया है। समाचार, संगीत, साहित्य, शिक्षा, कृषि, युवा एवं लोकसंस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से आकाशवाणी निरंतर जनमानस से जुड़ी रही है। भारतीय जनजीवन की विविधता और संवेदनाओं को स्वर देने वाली यह संस्था आज भी विश्वसनीय प्रसारण माध्यम के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें आकाशवाणी के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़े संसाधन व्यक्ति, वार्ताकार, चिकित्सक तथा गणमान्य नागरिक सम्मिलित रहेंगे।
इस अवसर पर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में डीआईजी एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह उपस्थित रहेंगे।
“आयोजन में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रदान किए जाने वाले सहभागिता पदक डॉ. अजय पाण्डेय, स्किन क्योर क्लिनिक के सौजन्य से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।”
वॉकेथॉन का प्रारंभ आकाशवाणी परिसर से होगा। रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए नूतन चौक, सीपत चौक एवं मुक्तिधाम सिग्नल चौक तक जाएगी तथा पुनः आकाशवाणी परिसर लौटेगी। लगभग 3.5 किलोमीटर की इस पदयात्रा के लिए प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग प्रातः 6:30 बजे रखी गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:00 बजे होगा तथा समापन प्रातः 8:00 बजे आकाशवाणी परिसर में किया जाएगा।





