LIVE UPDATE
Bilaspur

अब होटल में ठहरना होगा दर्ज! पुलिस का फरमान.. हर गेस्ट की जानकारी होगी ऑनलाइन

शहर के होटल, लॉज और फार्महाउस संचालकों की अहम बैठक

बिलासपुर…शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। अब होटल, लॉज और फार्महाउस में ठहरने वाले हर व्यक्ति की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचेगी। इसके लिए ‘समाधान ऐप’ को अनिवार्य रूप से लागू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस ने शहर के होटल, लॉज और फार्महाउस संचालकों की एक अहम बैठक आयोजित की, जिसमें करीब 110 संचालकों को शामिल कर नई व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी गई।

 पुलिस की पहल—डिजिटल निगरानी 

डीआईजी एवं एसएसपी  रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में एडिशनल एसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश परिहार और एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय ने होटल संचालकों को ‘समाधान ऐप’ के उपयोग और उसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस ऐप के माध्यम से होटल में ठहरने वाले हर व्यक्ति की जानकारी सरल और त्वरित तरीके से पुलिस विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।

कैसे काम करेगा समाधान ऐप

बैठक में संचालकों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने और इसके उपयोग की विधि की पूरी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक अतिथि का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से सत्यापित कर उसकी जानकारी समय पर ऐप में दर्ज करें।

अब अनिवार्य हुआ नियम:

पुलिस कप्तान ने साफ निर्देश दिया है कि सभी होटल, लॉज और फार्महाउस संचालकों को ‘समाधान ऐप’ डाउनलोड कर हर अतिथि की जानकारी अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होगी। यह कदम कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बेहद अहम होगा।

 पुलिस ने मांगा सहयोग:

पुलिस प्रशासन ने सभी संचालकों से अपील की है कि व्यवस्था में सहयोग करें और ऐप का नियमित उपयोग सुनिश्चित करें। शहर में सुरक्षा का स्तर और बेहतर हो सके।

पुलिस का डिजिटल कदम

बिलासपुर पुलिस की यह पहल शहर को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा डिजिटल कदम है, जिससे अपराधियों पर नजर रखना आसान होगा और आम नागरिकों को अधिक सुरक्षित माहौल मिल सकेगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button