बियर बोतल से खूनी हमला कर फरार आरोपी MP से गिरफ्तार! पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
शराब दुकान के सामने बर्बर हमला, फिर फरारी! तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

बिलासपुर…जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कोनी पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने दूसरे राज्य से पकड़कर कानून के सामने ला खड़ा किया है। दरअसल कोनी पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो बियर की बोतल से हमला कर फरार हो गया था और लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
क्या है पूरा मामला:
थाना कोनी में प्रार्थी महेंद्र सूर्यवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई दीपक भार्गव के साथ आरोपी शिवा सिंह ठाकुर और अर्जुन सिंह ठाकुर, निवासी पौंसरा ने शराब दुकान के सामने हाथ-मुक्का और बियर की बोतल से मारपीट की। इस हमले में दीपक भार्गव के सिर पर गंभीर चोट आई।
जांच में गंभीरता, बढ़ी धाराएं:
मामले में तत्काल धारा 109, 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। चिकित्सकीय जांच और डॉक्टर की रिपोर्ट में चोट गंभीर पाई गई, जिसके आधार पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं।
मध्यप्रदेश से गिरफ्तारी:
घटना के बाद से फरार आरोपी अर्जुन सिंह ठाकुर की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की सख्ती जारी:
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।





