टोकने पर तिलमिलाया युवक, ‘चाचा दरवाजा खोलो’ कहकर किया हमला! बन्नाक चौक में कारोबारी पर चाकूबाजी से सनसनी
टोका-टाकी पर तमतमाया युवक, स्टील के मालिक पर चाकू से वार

बिलासपुर… सिरगिट्टी क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो सामाजिक व्यवहार पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। एक मामूली आपत्ति ने इतना उग्र रूप ले लिया कि बात सीधे चाकूबाजी तक पहुंच गई।
सोमवार 17 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के मालिक पर किसी अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
जांच में जो कहानी सामने आई, वह हैरान करने वाली थी। सरस्वती स्टील में काम करने वाले एक कर्मचारी को मालिक की ओर से रहने के लिए एक कमरा दिया गया था। कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ बाहर गया हुआ था और कमरे की चाबी अपने एक दोस्त को दे गया था। उसी दौरान उसका दोस्त अपनी प्रेमिका को लेकर उस कमरे में पहुंच गया।
इसी बीच सरस्वती स्टील के मालिक गुड्डू मिश्रा वहां पहुंचे और दोनों को देखकर आपत्ति जताई। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की गतिविधियां यहां नहीं चलेंगी। युवक ने उस समय तो “अब नहीं आएंगे” कहकर बात खत्म कर दी, लेकिन अपनी प्रेमिका के सामने हुई इस बात से वह भीतर ही भीतर आहत और आक्रोशित हो गया।
कुछ समय बाद वही युवक चाकू लेकर वापस लौटा। उसने दरवाजा खटखटाते हुए “चाचा दरवाजा खोलो” कहा। जैसे ही दरवाजा खुला, उसने सीधे गुड्डू मिश्रा पर हमला कर दिया और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। इस हमले में गुड्डू मिश्रा की जांघ, घुटने के ऊपर गंभीर चोट आई है।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना सिरगिट्टी थाना में अपराध दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं—296, 115(2), 333, 351(3), 118(1) और 3(5)—के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





