बिलासपुर…खनिज परिवहन के दौरान रॉयल्टी संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने पर बिल्हा पुलिस ने चार माजदा वाहनों को जब्त किया है। वाहनों में काला पत्थर (फर्श) लोड था। पुलिस की पूछताछ में चालक खनिज के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चारों वाहनों और उनमें लोड खनिज को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को स्थायी वारंटियों की पतासाजी के दौरान पुलिस टीम झाल मोड़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे चार माजदा वाहनों को रोककर जांच की गई। वाहनों में काला पत्थर (फर्श) लोड मिला। इसके परिवहन के संबंध में चालकों से रॉयल्टी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस ने माजदा क्रमांक सीजी 06 जीजेड 0571, सीजी 06 जीक्यू 3023, सीजी 04 एमएम 1351 और सीजी 04 पीएक्स 8189 को जब्त कर चालकों को थाने लाया। चारों मामलों में अलग-अलग इस्तगासा तैयार कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दायरे में महासमुंद जिले के हिलेश यादव, दुर्गेश यादव, मनीराम यादव और डाहरू यादव (35) आए हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी चारों वाहन काला पत्थर लेकर जा रहे थे, जिसके परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं मिले।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक संतोष मरकाम और अर्जुन जांगड़े की विशेष भूमिका रही।