Cg news।रायपुर। बस्तर जिले के लिए चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाले रायपुर जिले के राइस मिलर्स पर जिला प्रशासन ने सख्त शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

मिली जानकारी मुताबिक निर्धारित समय-सीमा के भीतर चावल जमा नहीं करने पर रायपुर जिले की कुल 34 राइस मिलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए प्रशासन ने आरंग क्षेत्र के मंदिर हसौद स्थित कमल राइस मिल की जांच की। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने और समय पर चावल जमा न करने की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने मिल को सील कर दिया।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर जिले की राइस मिलों पर बस्तर जिले के लिए कुल 66,207.19 क्विंटल चावल जमा करना अभी बाकी है।

इस बकाया मात्रा में 11,221.68 क्विंटल स्टेट पूल और 54,985.52 क्विंटल सेंट्रल पूल का चावल शामिल है। समय पर चावल जमा न होने से आपूर्ति व्यवस्था और भंडारण लक्ष्यों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

सील की गई कमल राइस मिल के नाम पर कुल 5,526.90 क्विंटल चावल जमा करना बाकी दर्ज है। इसमें 4,783.11 क्विंटल स्टेट पूल और 743.79 क्विंटल सेंट्रल पूल का चावल शामिल है। प्रशासनिक टीम ने 24 नवंबर को मिल की जांच की और तय नियमों व समय-सीमा के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद मिल को सील करने की कार्रवाई को अंजाम दिया।

कस्टम मिलिंग और चावल जमा करने में कोताही बरतने वाले राइस मिलर्स पर कार्रवाई का यह सिलसिला नया नहीं है। बीते वर्ष भी कस्टम मिलिंग व्यवस्था और चावल जमा करने की समय-सीमा को लेकर प्रशासन व संबंधित एजेंसियों ने सख्ती दिखाई थी।

मिलरों को समय पर कस्टम मिल्ड राइस (CMR) जमा करने के निर्देशों के साथ बकाया व अनियमितता वाले मामलों में नोटिस, बैंक गारंटी/प्रतिभूति समायोजन, पंजीयन व कस्टम मिलिंग अनुबंध से जुड़ी शर्तों के तहत कार्रवाई की गई थी।

इसके अलावा कस्टम मिलिंग से जुड़े पुराने मामलों में जांच एजेंसियों द्वारा पूरक चालान और अनियमितताओं की पड़ताल भी सुर्खियों में रही है, जिसके चलते मिलों की कार्यप्रणाली पर प्रशासन की नजर लगातार बनी हुई है।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जिन 34 मिलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, उनके जवाब और चावल जमा करने की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। समय पर चावल जमा न करने और अनियमितता पाए जाने पर अन्य मिलों के खिलाफ भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।