बिलासपुर..अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला को 19 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला शराब को अपने कब्जे में रखकर बिक्री के जरिए अवैध कमाई कर रही थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गोबरिपाठ में एक महिला बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री कर रही है। सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ललिता जांगड़े, उम्र 40 वर्ष, निवासी गोबरिपाठ के कब्जे से दो प्लास्टिक डिब्बे मिले।

एक डिब्बे में 12 लीटर और दूसरे में 7 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी थी। कुल 19 लीटर शराब जब्त करने के बाद पुलिस ने महिला को आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई चेतना विरुद्ध नशा और प्रहार अभियान के तहत अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए की गई।

कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक दीप सिंह कंवर और आरक्षक सुनील पटेल की विशेष भूमिका रही।