बिलासपुर…मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं को वोटर बनाने के लिए जिले में विशेष अभियान शुरू हो गया है। निर्वाचन विभाग की टीम अब घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची का अद्यतनीकरण करेगी, वहीं स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष शिविर लगाकर नए युवा मतदाताओं का पंजीयन कराया जाएगा। यह अभियान 21 अक्टूबर तक चलेगा।

अभियान का खास फोकस उन युवाओं पर है, जो पहली बार मतदान के पात्र हुए हैं, लेकिन अब तक मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं हो पाया है। इसके साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों के नाम भी सूची में जोड़ने की प्रक्रिया होगी, जो किसी कारण से अब तक पंजीयन नहीं करा सके हैं। मतदाता सूची से नाम हटाए जा चुके पात्र लोगों के पंजीयन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कक्षा 9वीं से कॉलेज तक पहुंचेगा अभियान

निर्वाचन कार्यालय के निर्देश पर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के स्कूलों के साथ कॉलेज और विश्वविद्यालयों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पात्र विद्यार्थियों और युवाओं को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। बूथ लेवल अधिकारी और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं का पंजीयन कराया जाएगा।

शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी संबंधित संस्थानों में शिविर आयोजित कराने तथा उनकी तारीखों की जानकारी निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

घर-घर पहुंचेगा बीएलओ

स्कूल-कॉलेजों तक सीमित रहने के बजाय अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी है। बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन और अद्यतनीकरण करेंगे। इस दौरान पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के साथ सूची में जरूरी संशोधन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

निर्वाचन विभाग का जोर इस बात पर है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। खासकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को सूची में शामिल करने के लिए शिक्षण संस्थानों को अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी बनाया गया है।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल एप अथवा मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की है, ताकि मतदान के अधिकार से कोई पात्र नागरिक वंचित न रह जाए।