बिलासपुर…अलग-अलग घटनाओं में गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, मारपीट और झपटमारी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी के खिलाफ एक ही दिन में तीन अलग-अलग अपराध दर्ज हुए थे।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर की रात एक शिकायत में आरोप लगाया गया कि आकाश तिवारी ने घर में घुसकर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान प्रार्थी की पत्नी के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(2), 115(2) और 333 में अपराध दर्ज किया गया।

इसी दिन सामने आए दूसरे मामले में आरोप है कि शराब के नशे में आकाश तिवारी ने रास्ते में वाहन रोककर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की और वाहन की चाबी छीन ली। इस मामले में अपराध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(2), 115(2), 126(2) और 304(2) में प्रकरण दर्ज किया गया।

तीसरे मामले में भी शराब के नशे में गाली-गलौज और मारपीट करने की शिकायत सामने आई। इस पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296 और 351(2) में अपराध दर्ज किया गया।

तीनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी आकाश तिवारी, उम्र 35 वर्ष, निवासी राम मंदिर चौक, पड़ावपारा, कोटा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू और आरक्षक धर्मेंद्र साहू की विशेष भूमिका रही।