जीपीएसम…मरवाही थाना क्षेत्र से एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है । महिला शिक्षक के साथ रास्ते में छेड़छाड़ और अभद्रता की गई है।  घटना उस वक्त घटी जब शिक्षिका रोज की तरह स्कूल से अपने घर लौट रही थी। स्कूटी से जा रही शिक्षिका को दो युवकों ने बीच रास्ते में रोककर अश्लील हरकतें कीं और मानसिक उत्पीड़न का शिकार बनाया।

पीड़िता किसी तरह खुद को संभालते हुए घर पहुंची और फिर अपने परिजनों के साथ मरवाही थाना पहुँचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला शिक्षक की शिकायत के आधार पर मनोज तिवारी और उमेश चौबे के खिलाफ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बीएनएस की धारा 126(2), 74, 296, 78, 3(5), 351(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

पहले भी किया था उत्पीड़न, अब टूटी चुप्पी

शिक्षिका ने यह भी बताया कि ये आरोपी पहले भी पीछा करने और अपमानजनक व्यवहार कर चुके थे, लेकिन उस समय सामाजिक मर्यादा और पारिवारिक दबाव के चलते वह चुप रही। इस बार जब आरोपियों ने हदें पार कर दीं, तो उन्होंने साहस दिखाते हुए थाने पहुँचकर लिखित शिकायत दी।

पुलिस की सक्रियता बढ़ी

मरवाही थाना पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर खड़ा हुआ सवाल

इस घटना ने एक बार फिर से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। जहां एक ओर महिलाएं शिक्षा के क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रही हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें असामाजिक तत्वों से खतरा बना हुआ है।

आमजन में गहरा आक्रोश

स्थानीय लोगों और महिला संगठनों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और महिला सुरक्षा को लेकर ठोस पहल की मांग की है। शिक्षकों के संगठन ने भी शिक्षिका के साथ एकजुटता दिखाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की माँग की है।