बिलासपुर। जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस ने राहगीर से मारपीट कर नगदी लूटने वाले चार आरोपियों को महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहले पैसे की मांग की और रकम नहीं मिलने पर बेल्ट और हाथ-मुक्कों से हमला कर रुपये लूट लिए थे।

घटना 30 मार्च 2026 की देर रात करीब 12 बजे की है। प्रार्थी रामप्यारे राय , निवासी चौहा, शादी कार्यक्रम से डगनिया से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चकरबेढा और डगनिया के बीच रास्ते में रोशन भंडारी, सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, सुमित दिनकर उर्फ सोमू और मंजेश खूंटे ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पैसे की मांग करते हुए अश्लील गालियां दीं और बेल्ट व हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद प्रार्थी की कमीज की जेब में रखे रुपये लूटकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल अवस्था में रामप्यारे राय पूरी रात वहीं पड़े रहे। सुबह करीब 6 बजे चकरबेढा गांव के रेशम और अन्य लोगों ने उन्हें देखा और घर पहुंचाया, जिसके बाद परिजनों के साथ चौकी मल्हार पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और एसडीओपी के निर्देशन में चौकी प्रभारी मल्हार अवधेश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर ग्राम चकरबेढा से संदेहियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान रोशन भंडारी, सुमित दिनकर, सुमित टंडन और मंजेश खूंटे ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुमित दिनकर से लूटी गई 1400 रुपये की नगदी और आरोपी मंजेश खूंटे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट बरामद किया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।