Korba News: रिटायर्ड एएसआई के सूने घर में चोरी, बेटी की शादी के लिए रखे 10 लाख के जेवरात पार, जांच में जुटी डॉग स्क्वायड की टीम

Korba News: कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीएसईबी (CSEB) कॉलोनी में चोरों ने एक रिटायर्ड एएसआई के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया है।
यह वारदात उस समय हुई जब पीड़ित परिवार एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शहर से बाहर गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग से पिछले साल 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए एएसआई गलेटबिन कुमार अपने परिवार के साथ एक ‘मिट्टी कार्यक्रम’ (अंतिम संस्कार) में शामिल होने बाहर गए थे।
घर की सुरक्षा के लिहाज से वे मुख्य दरवाजे की चाबी अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को सौंप कर गए थे। शनिवार को जब परिवार वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
घर के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जब उन्होंने अलमारी की जांच की, तो पता चला कि बेटी की शादी के लिए सालों की जमा पूंजी से खरीदे गए लगभग 10 लाख रुपये के कीमती जेवरात गायब हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटना स्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस पीड़ित के रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है, जिन्हें चाबी सौंपी गई थी। इसके साथ ही कॉलोनी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।





