बिलासपुर…छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर ने मुंगेली जिले के कुख्यात जुआ संचालक योगेंद्र शर्मा उर्फ लाल महाराज उर्फ भर्रा को बड़ा झटका देते हुए उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। न्यायालय ने आरोपी के आपराधिक इतिहास और संगठित अपराध में उसकी सक्रिय भूमिका को गंभीर मानते हुए सख्त रुख अपनाया। यह आदेश माननीय न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ द्वारा पारित किया गया।

मामला थाना फास्टरपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 66/2025 से जुड़ा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि योगेंद्र शर्मा वर्ष 2021 से एक संगठित और सुव्यवस्थित जुआ सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। इस नेटवर्क का खुलासा 7 अक्टूबर 2025 को ग्राम विचारपुर में की गई पुलिस छापेमारी के दौरान हुआ, जब सह-आरोपी रवि कुमार आंचल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे जुआ तंत्र की परतें खोलीं।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि जुए का पूरा संचालन डिजिटल माध्यम से किया जा रहा था। मोबाइल फोन के जरिए हिसाब-किताब साझा किया जाता था, जबकि पैसों का लेन-देन यूपीआई एप्लीकेशन और नकद के माध्यम से होता था। इस नेटवर्क में कई लोग जुड़े हुए थे, जिनका नियंत्रण मुख्य रूप से योगेंद्र शर्मा के हाथ में था।

पुलिस को जांच के दौरान योगेंद्र शर्मा और उसके सहयोगियों के एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक खातों में सात लाख पांच हजार नौ सौ पैंतालीस रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन के ठोस प्रमाण मिले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत पूर्व में कई प्रकरण दर्ज हैं और वह कई मामलों में दोषसिद्ध भी हो चुका है।

वर्तमान में आरोपी योगेंद्र शर्मा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक मुंगेली द्वारा एक हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आरोपी के पोस्टर भी चस्पा किए गए हैं। उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद पुलिस को उसकी गिरफ्तारी के लिए पूरी कानूनी स्वतंत्रता मिल गई है और लगातार दबिश दी जा रही है।

थाना फास्टरपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उच्च न्यायालय का यह फैसला संगठित जुआ और डिजिटल अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई को नई मजबूती प्रदान करेगा।