बिलासपुर….भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए संसद में लाए गए नए विधेयक वीबी-जी रैम-जी विकास भारत—गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण बिल को ग्रामीण भारत के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक वर्ष 2025 के अंत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम में संरचनात्मक बदलाव के उद्देश्य से लाया गया है, ताकि ग्रामीण रोजगार को नए सिरे से मजबूत किया जा सके और इसे विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोड़ा जा सके।

अमर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इस विधेयक के तहत ग्रामीण परिवारों को अब 100 के बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा, जबकि अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में यह सीमा 150 दिन की गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस बिल को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है, जबकि संसद में हुई चर्चा में सभी विपक्षी दलों ने भाग लिया और बहस के बाद ही विधेयक पारित हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को ‘विकसित भारत’ और ‘राम’ शब्द से ही असहजता होती है।

उन्होंने रोजगार योजनाओं के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि 1980 के दशक से पहले भी देश में रोजगार आधारित योजनाएं थीं, जिन्हें अलग-अलग सरकारों ने समय-समय पर नाम और स्वरूप दिया। इंदिरा गांधी के दौर में इन्हें समेकित किया गया, राजीव गांधी के समय जवाहर रोजगार योजना बनी और बाद में 2004-05 में इसे नरेगा तथा मनरेगा का नाम दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब तब नाम बदले गए, तब कांग्रेस ने आपत्ति क्यों नहीं की।

अमर अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने अधिकांश योजनाओं का नाम एक ही परिवार तक सीमित रखा। उन्होंने सवाल किया कि सुभाष चंद्र बोस या सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महापुरुषों के नाम पर योजनाएं क्यों नहीं रखी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक परिवार के नाम पर सैकड़ों योजनाएं चलाई गईं और यही कांग्रेस की असली राजनीतिक संस्कृति रही है।

उन्होंने कहा कि समय के साथ योजनाओं में बदलाव जरूरी होता है। नई व्यवस्था में भुगतान की प्रक्रिया को भी तेज किया गया है, जहां पहले भुगतान 15 दिन में होता था, अब इसे साप्ताहिक किया जाएगा। खेती-किसानी के मौसम में योजना को अस्थायी रूप से रोका जाएगा ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो।

अमर अग्रवाल ने मनरेगा में भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले अर्थहीन कार्यों को रोजगार दिखाया जाता था, लेकिन नई योजना में तकनीक, जीपीएस, एआई आधारित निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग को शामिल किया गया है, ताकि पैसा सही लाभार्थी तक पहुंचे। ग्राम पंचायत विकास योजनाओं के जरिए सड़कों, जल संरचनाओं और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण को रोजगार से जोड़ा गया है।

राज्यांश बढ़ाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कई योजनाओं में शुरुआती दौर में केंद्र और राज्य की हिस्सेदारी बदली जाती रही है। यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि 1980 के दशक में गरीबी रेखा के नीचे रहने वालों की संख्या 24 प्रतिशत थी, जो आज घटकर 4 से 5 प्रतिशत रह गई है। वर्ष 2014 से 2025 के बीच केंद्र सरकार ने राज्यों को रिकॉर्ड वित्तीय सहायता दी है और अब राज्यों को अपनी भूमिका निभानी होगी।

नाम बदलने को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाम नहीं, बल्कि भावनाएं और सोच बदलने का काम कर रहे हैं। राजपथ का कर्तव्य पथ बनना और प्रधानमंत्री कार्यालय का सेवक तीर्थ कहलाना इसी बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है, जबकि जनता वास्तविकता समझ चुकी है।

आजीविका मिशन को जोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि केवल रोजगार देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। इसीलिए योजना में स्किल डेवलपमेंट, प्रशिक्षण और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को शामिल किया गया है, ताकि ग्रामीण नागरिक दीर्घकालिक रूप से सक्षम बन सकें।

महात्मा गांधी और राम के नाम को लेकर उठे सवाल पर अमर अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी स्वयं श्रीराम के उपासक थे और राम पूरे देश के आराध्य हैं। गांधी जी का सम्मान सभी करते हैं और उनके नाम से जुड़ी भावनाओं का अपमान करने का सवाल ही नहीं उठता।

केंद्र-राज्य हिस्सेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि 60:40 का अनुपात तय किया गया है। यह चुनौती जरूर है, लेकिन विकास बिना चुनौती के संभव नहीं। योजना के तहत निर्णय की इकाई ग्राम पंचायत ही रहेगी और एआई आधारित निगरानी से पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

बहतराई स्टेडियम कार्यक्रम से जुड़े विवाद पर अमर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इससे संबंधित खबरें भ्रामक हैं और उनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।