सागर…सागर संभाग में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री और उसके ड्राइवर को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह घूस की रकम कार्यपालन यंत्री अपने ही कार्यालय में ले रहे थे। खबर लिखे जाने तक लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई जारी थी।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा ने बताया कि लोकायुक्त सागर की टीम ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सागर में प्रभारी कार्यपालन यंत्री संतोषी लाल बाथम और उसके कार्यालय चालक फूल सिंह यादव को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। दोनों आरोपी कार्यालय परिसर में ही शिकायतकर्ता से घूस की रकम प्राप्त कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में शिकायतकर्ता शैलेश कुमार, पिता भगवान सिंह, शासकीय ठेकेदार हैं, जिन्होंने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि वे वर्ष 2022 से सागर जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ठेकेदारी कार्य कर रहे हैं। मिशन के तहत कुछ कार्य अधूरे रह गए थे, जिन्हें बाद में शासन द्वारा पुनरीक्षित किया गया।

पुनरीक्षित कार्यों को पूरा कराने के लिए कार्यपालन यंत्री द्वारा ठेकेदारों से सहमति मांगी गई थी। शिकायतकर्ता द्वारा सहमति देने के बाद उन्होंने बिल ऑफ क्वांटिटी के तहत 2 करोड़ 16 लाख 52 हजार रुपये की राशि का पांच प्रतिशत एफडीआर के माध्यम से शासन को जमा कराया था। इसके बावजूद कार्य आदेश जारी करने और पुराने लंबित बिलों के भुगतान के एवज में प्रभारी कार्यपालन यंत्री संतोषी लाल बाथम ने साढ़े तीन प्रतिशत कमीशन के रूप में करीब 6 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।

लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। सत्यापन के बाद बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें संतोषी लाल बाथम ने अपने वाहन चालक फूल सिंह यादव के माध्यम से प्रथम किश्त के रूप में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत ली। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक कमल सिंह उइके और निरीक्षक रंजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।