IPL 2025/इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन का आगाज 22 मार्च को होने जा रहा है, जब मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच ईडन गार्डन्स में पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए रोमांचक होने वाला है, लेकिन विराट कोहली के लिए यह मैच और भी खास होने वाला है।

कोहली के पास क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करने का मौका है, क्योंकि यह उनका 400वां टी20 मैच होगा।

इस रिकॉर्ड के साथ ही कोहली रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक के बाद 400 टी20 मैच खेलने वाले तीसरे भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे। रोहित शर्मा अब तक 448 टी20 मैच खेल चुके हैं, जबकि दिनेश कार्तिक 412 मैचों के साथ इस लिस्ट में शामिल हैं।

अगर दुनिया के सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी की बात करें, तो वेस्टइंडीज के दिग्गज और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड इस सूची में टॉप पर हैं। पोलार्ड अब तक 695 टी20 मैच खेल चुके हैं और उन्होंने दुनियाभर में कई टीमों के लिए खेलते हुए यह रिकॉर्ड बनाया है।

T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • क्रिस गेल- 14562
  • एलेक्स हेल्स- 13610
  • शोएब मलिक- 13537
  • कायरन पोलार्ड- 13537
  • डेविड वॉर्नर- 12913
  • विराट कोहली- 12886

विराट कोहली के करियर की बात करें, तो उन्होंने अब तक 399 टी20 मैचों में 9 शतक और 97 अर्धशतक की मदद से कुल 12,886 रन बनाए हैं। इस सीजन के पहले ही मैच में उनके पास 13 हजार रन पूरे करने का सुनहरा मौका होगा, जिसके लिए उन्हें सिर्फ 114 रन की जरूरत है। टी20 क्रिकेट में अब तक केवल चार बल्लेबाज ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं, जिनमें क्रिस गेल, एलेक्स हेल्स, शोएब मलिक और कायरन पोलार्ड का नाम शामिल है।

अगर IPL रिकॉर्ड्स की बात करें, तो विराट कोहली इस टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 252 मैचों की 244 पारियों में 8 शतक और 55 अर्धशतक के साथ कुल 8004 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 705 चौके और 272 छक्के निकले हैं, यानी IPL में कोहली अब तक 977 बाउंड्री लगा चुके हैं। इस सीजन के पहले ही मैच में उनके पास 1000 बाउंड्री पूरी करने का भी शानदार मौका रहेगा, जिसके लिए उन्हें सिर्फ 23 बाउंड्री की जरूरत होगी।

विराट कोहली के इन रिकॉर्ड्स को देखते हुए IPL 2025 की शुरुआत उनके लिए बेहद खास होने जा रही है। ईडन गार्डन्स में खेले जाने वाले इस मुकाबले में उनके बल्ले से एक और बड़ा रिकॉर्ड बन सकता है, जिससे फैंस की नजरें इस मैच पर टिकी रहेंगी।