सूचना मिली… पुलिस पहुंची… और खुल गया अवैध महुआ का खेल
महुआ शराब के काले कारोबार पर पुलिस का वार — आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर…अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 9 में रेड कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में “नशा विरुद्ध अभियान” के अंतर्गत की गई।
मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वार्ड नंबर 9 चकरभाठा में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का संग्रहण एवं बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अमित वर्मा, पिता स्व. वीरेन्द्र वर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 09 चकरभाठा को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 18 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है तथा न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। अवैध नशे के खिलाफ चकरभाठा पुलिस की यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





