पंजाब से बिलासपुर तक हेरोईन का जाल — इंटरस्टेट ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश, 5 तस्कर गिरफ्तार
पंजाब से पहुँची जहर की खेप, बिलासपुर में टूटा नशे का नेटवर्क — 5 तस्कर एक साथ गिरफ्तार

बिलासपुर… जिले में नशे के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय हेरोईन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पंजाब से छत्तीसगढ़ तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें तस्करों और स्थानीय खरीदारों सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि बाहरी राज्यों, विशेषकर पंजाब से हेरोईन की सप्लाई छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में की जा रही है। इसी आधार पर थाना तोरवा पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
दिनांक 12 मई 2026 को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार में कुछ लोग हेरोईन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार में सवार पांचों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 97.63 ग्राम हेरोईन बरामद की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र सिंह रंधावा एवं जगदीप सिंह, निवासी अमृतसर (पंजाब), हेरोईन को छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाए थे, जबकि शेख अल्ताफ, अमित कुमार डाहिरे एवं अवि पाठक, निवासी मुंगेली, इसके खरीदार थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोईन के अलावा घटना में प्रयुक्त अल्टो कार, एक स्कूटी, 5 मोबाइल फोन एवं 57,800 रुपये नगद जप्त किए हैं। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस कप्तान रजनेश सिंह का बयान
“यह कार्रवाई अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमारी टीम को लगातार इनपुट मिल रहे थे, जिस पर सुनियोजित तरीके से काम करते हुए तस्करों और उनके स्थानीय कनेक्शन को पकड़ा गया है।
पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से अपील है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।





