रायपुर/छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर को प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।

मौसम की आशंका को देखते हुए राज्य प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। खास तौर पर दक्षिण बस्तर के जिलों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है।

चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार, 27 अक्टूबर को सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा और स्कूल पहुंचने में संभावित परेशानी को देखते हुए लिया गया है।

हालांकि, अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है।

शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों को अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

संभावित चक्रवाती प्रभाव को देखते हुए बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य प्रशासन ने जिला अधिकारियों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों की मदद के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

बालोद जिले में भी 27 से 30 अक्टूबर के बीच खराब मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अधिकारियों और कर्मचारियों को अगले चार दिनों तक मुख्यालय नहीं छोड़ने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।