cg news/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र के ग्राम नंदौरी में बच्चा चोरी के संदेह में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने महिलाओं को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग महिलाओं के बाल खींचते और लात-घूंसे व डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, पांचों महिलाएं एक ऑटो में सवार होकर गांव पहुंची थीं। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनने के बाद कुछ ग्रामीणों को बच्चा चोरी का संदेह हुआ और उन्होंने महिलाओं को घेर लिया। बताया जा रहा है कि उनके साथ आए दो पुरुष मौके से भाग निकले। हालांकि, बच्चा चोरी की किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

बच्चा चोरी नहीं, पैसे मांगने को लेकर विवाद का दावा

भिलाई-3 थाना प्रभारी विजय यादव के मुताबिक, गांव में बच्चा चोरी की कोई घटना सामने नहीं आई है। सरपंच की ओर से शिकायत की गई है कि महिलाएं कथित तौर पर जबरन घरों में घुसकर पैसे और चंदा मांग रही थीं। इसी बात को लेकर विवाद हुआ।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिलाओं ने अपने रहने के पते अलग-अलग बताए। शुरुआती जांच में उनके दुर्ग के जेवरा-सिरसा क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनके नाम और पते का सत्यापन कर रही है।

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी के अनुसार, महिलाओं को सुरक्षा के मद्देनजर थाने में रखा गया है और शिकायतकर्ताओं को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। बच्चा चोरी के संदेह की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में वायरल वीडियो में दिखाई दे रही मारपीट और महिलाओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर जांच के निष्कर्ष महत्वपूर्ण होंगे।